फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी के छात्रों को हर साल मिलेगी केंद्र से छात्रवृत्ति: 12वीं में 80 परसेंटाइल पार करने वाले करें आवेदन

Fri, 20 Nov 2026 06:42 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

मध्यप्रदेश में 12वीं की परीक्षा में 80 परसेंटाइल से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजना के आवेदन शुरू हो गए हैं। प्रदेश के लिए हर साल 4,299 छात्रवृत्तियों का कोटा है। हालांकि, पात्रता के साथ नियमित स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश जरूरी है। कॉलेज और राज्य स्तर पर सत्यापन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय मेरिट के आधार पर चयन करेगा।
विज्ञापन
विद्यार्थी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश में 12वीं की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति पाने का रास्ता खुल गया है। हालांकि, सिर्फ 80 परसेंटाइल से अधिक अंक हासिल कर लेने से छात्रवृत्ति पक्की नहीं होगी। इसके लिए कॉलेज में नियमित प्रवेश, जरूरी दस्तावेज और मेरिट सूची में जगह बनाना भी अनिवार्य होगा। केंद्र सरकार की कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए केंद्रीय क्षेत्र छात्रवृत्ति योजना के तहत नए आवेदन और नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकंडरी परीक्षा सत्र 2025-26 में 80 परसेंटाइल से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करना होगा।
विज्ञापन


एमपी के हिस्से में हर साल 4,299 छात्रवृत्तियां
इस योजना में मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों के लिए हर साल 4,299 छात्रवृत्तियों का कोटा तय किया गया है। इसमें आधी छात्रवृत्तियां छात्राओं और आधी छात्रों के लिए निर्धारित हैं। यानी चयन में दोनों को समान हिस्सेदारी मिलेगी। संकाय के आधार पर भी छात्रवृत्तियों का बंटवारा होगा। विज्ञान और कला संकाय के विद्यार्थियों को 3-3 हिस्से, जबकि वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को एक हिस्सा मिलेगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित है।

12वीं के बाद नियमित कॉलेज में दाखिला जरूरी
योजना का लाभ उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने 2025-26 की हायर सेकंडरी परीक्षा में 80 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही उन्हें शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी शासकीय या मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में नियमित स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना जरूरी है।पहले से छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी मौका है। वर्ष 2022 से 2025 के बीच योजना के तहत चयनित विद्यार्थी नवीनीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विज्ञापन


अच्छे अंक के बाद भी चयन की गारंटी नहीं
विद्यार्थियों के लिए सबसे अहम बात यह है कि 80 परसेंटाइल से अधिक अंक केवल आवेदन की पात्रता तय करते हैं। छात्रवृत्ति मिलना केंद्रीय स्तर पर तैयार होने वाली मेरिट सूची पर निर्भर करेगा। आवेदन जमा होने के बाद पहले संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय और फिर राज्य स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापित आवेदनों के आधार पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय मेरिट सूची तैयार करेगा। इसी सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें-भोपाल में पीने के पानी के नेटवर्क में खतरा: पाइपलाइन के साथ बिछी हैं सीवर लाइनें,लीकेज हुआ तो मिलेगा गंदा पानी

आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
विद्यार्थी के पास आधार नंबर होना जरूरी है।
स्वयं के नाम से राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता होना चाहिए।
बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है।
आवेदन में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन के बाद उसका प्रिंट और जरूरी दस्तावेज कॉलेज या विश्वविद्यालय में जमा करने होंगे।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें