एमपी वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नागाइच
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नागाइच एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। रीवा जिले के जोगनई टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी बहस का एक महीने पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नागाइच टोल कर्मचारी से यह पूछते नजर आ रहे हैं कि क्या वह जानता है कि वे कौन हैं? कर्मचारी के इनकार करने पर वे उसका नाम पूछते हैं। कर्मचारी अपना नाम राहुल बताता है। यह घटना 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। उस समय नागाइच दौरे से लौट रहे थे। रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी को रोक दिया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।