नवनिर्वाचित विधायक कमलेश्वर डोडियार
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद अब नवनिर्वाचित विधायकों का राजधानी भोपाल स्तिथ विधानसभा में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सभी विजेता विधायक यहां पहुंचकर आगे की प्रक्रिया को पूरा कर रहे हैं। आमतौर पर देखने में आता है कि विधायक बड़ी बड़ी गाड़ियों से यहां पहुंचते हैं लेकिन एक विधायक ऐसा भी है जिसने अपनी विधान सभा से भोपाल तक की 350 किलोमीटर की दूरी बाइक से पूरी की है। ठंडी हवाएं और बारिश भी उनका रास्ता नहीं रोक पाई। जी हां रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा से विजयी उम्मीदवार कमलेश्वर डोडियार विधानसभा की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अपने मित्र के साथ बाइक से भोपाल पहुंचे। उन्होंने बुधवार को अपनी यह यात्रा शुरू की थी। करीब 9 घंटे में उनका यह सफर पूरा हुआ। वे रात को विधान सभा गेस्ट हाउस पहुंचे थे। इसके बाद गुरुवार को सुबह विधान सभा पहुंचकर उन्होंने निर्वाचित होने के बाद की प्रक्रिया को पूरा किया।
ये है बैक ग्राउंड
बता दें, कमलेश्वर ने शुरू में अपनी पढ़ाई उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय से की। इसके बाद उन्होंने वकालत दिल्ली यूनिवर्सिटी से की है। वे एक गरीब परिवार से आते हैं। उनकी पूरी फैमली सैलाना के गांव राधाकुंवा में एक छोटी सी झोपडी में रहती है। तंग हाल कमलेश्वर के पास चुनाव लड़ने तक के पैसे नहीं थे उन्होंने 12 लाख का कर्ज लेकर ये चुनाव लड़ा है। 33 साल के कमलेश्वर के माता पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने खुद लोगों के घर झूठे बर्तन साफ किए हैं। इस के साथ ही अंडे बेचे हैं टिफिन डिलीवरी की है
भाजपा कांग्रेस को दी पटकनी
कमलेश्वर ने रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदवासी पार्टी से चुनाव लडा था। उनके सामने कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के प्रत्याशी कड़ी टक्कर दे रहे थे। लेकिन कमलेश्वर ने सभी को पटकनी दे दी। उन्होंने 71219 वोट हासिल किए जबकि कांग्रेस के हर्ष विजय गहलोत को 66601 वोट मिले वहीं भाजपा की संगीता चारेल को 41584 वोट ही मिल पाए थे। कमलेश्वर आदिवासी वर्ग से आते हैं।