मध्यप्रदेश सरकार 2 दिसंबर को नीति चिंतन शिविर आयोजित करेगी। इसमें प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और कलेक्टर शामिल होंगे। शिविर में समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 के लक्ष्य, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और बीते तीन वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिविर में दो सत्र होंगे। पहले सत्र में समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 के दस्तावेज पर चर्चा होगी, जबकि दूसरे सत्र में सतत विकास लक्ष्यों और विकास के अन्य संकेतकों की समीक्षा की जाएगी। दोनों सत्रों में आठ-आठ विषयों पर संबंधित विभाग प्रस्तुतिकरण देंगे। इस तरह कुल 16 विषयों पर चर्चा कर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।