जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के सभी वीजा रद्द कर दिया है, जिसके तहत मध्य प्रदेश में रह रहे 228 पाक नागरिकों को 27 अप्रैल से पहले देश छोड़ना होगा। 22 अप्रैल को आतंकियों ने पहलगाम में निहत्थे नागरिकों पर कायराना हमला किया, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई। इनमें से अधिकांश पर्यटक थे। इस घटना के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने का निर्णय लिया।गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी राज्यों को आदेश दिया गया है कि वे अपने यहां रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें 27 अप्रैल से पहले देश छोड़ने को कहें।