मध्य प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल रहे नॉन पेंशनर पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं की सम्मान निधि आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने का फैसला किया है। इस समय दो पूर्व सैनिक और 110 विधवा यानी कुल 112 लोगों को यह लाभ मिलेगा। राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जीवनयापन से जुड़ी दिक्कतों को देखते हुए सम्मान निधि को बढ़ाने का फैसला किया गया है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नियमित ब्रीफिंग में कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर मध्य प्रदेश की जेलों से 182 बंदी रिहा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तय शर्ते पूरी करने वाले उम्रकैद की सजा काट रहे बंदियों की रिहाई होगी। दुष्कर्म के आरोपी किसी भी बंदी की सजा माफ नहीं होगी। पहले साल में दो बार बंदी रिहा होते थे। अब साल में चार बार गांधी जयंती, अंबेडकर जयंती, स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर कैदियों को रिहा किया जाता है।
संत रविदास के मंदिर पर रार
चुनाव से पहले संत रविदास के मंदिर के शिलान्यास पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। इस पर मिश्रा ने कहा कि वे (कांग्रेस) सिर्फ वोट के लिए काम करते हैं। हम चाहते भी नहीं है कि कांग्रेस हमारी तारीफ करें। संत रविदास मंदिर की घोषणा आज की नहीं है बल्कि छह से आठ माह पहले मुख्यमंत्री ने की थी। दो साल पहले अमित शाह आए थे। प्रधानमंत्री मोदी भी पहले कई बार आए हैं। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। हम मान-सम्मान के लिए काम करते हैं। और वह वोट के लिए काम करते हैं। उन्हें हर चीज में वोट की राजनीति दिखती है। संत रविदास के मंदिर के लिए मंगलवार से पांच यात्राएं निकाली जाएंगी। अलग-अलग क्षेत्रों से यात्राएं सागर पहुंचेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को संत शिरोमणि रविदास जी के मंदिर की नींव रखेंगे।
सहारा के निवेशक जानकारी दें, पैसा लें
सहारा इंडिया के पास जमा राशि निवेशकों को वापस करने के लिए नया पोर्टल लॉन्च हुआ है। इस पर मिश्रा बोले कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सहारा रीफंड पोर्टल लॉन्च किया है। वेबसाइट पर पूरी जानकारी उपलब्ध है। निवेशकों से निवेदन है, वे डिटेल भरें और पैसा वापस लें। सुप्रीम कोर्ट की ओर से भी पैसा वापस करने का फैसला आया था। फंड में 24 हजार करोड़ रुपये जमा है। शुरुआत में पांच हजार करोड़ रुपये की वापसी होगी।