मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संविदाकर्मियों के श्रम, निष्ठा और विश्वास के बल पर ही राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक जमीन पर उतार पा रही है। संविदाकर्मी केवल शासन का कार्यबल नहीं, बल्कि सरकार का आत्मबल हैं। उन्होंने कहा कि संविदाकर्मियों की भूमिका हनुमान जी के समान है, जिनके परिश्रम से शासन-प्रशासन की व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित मध्य प्रदेश संविदा संयुक्त संघर्ष मंच के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, नगरीय निकाय और तकनीकी सेवाओं सहित लगभग सभी विभागों में संविदाकर्मी जमीनी स्तर पर सर्वे, निगरानी और योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मी अनुबंध पर जरूर आते हैं, लेकिन व्यवस्थाओं को संभालने में उनकी भूमिका बेहद बड़ी है। संविदाकर्मियों ने अपने कार्य से यह साबित किया है कि सेवा पद से बड़ी होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार संविदाकर्मियों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बीते वर्षों में सेवा सुधार, पारिश्रमिक सुधार और कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए कई सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं और आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियम, न्याय और वित्तीय संतुलन के दायरे में रहते हुए संविदाकर्मियों की सभी उचित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bhopal News: जहरीला खाना खिलाकर पांच स्ट्रीट डॉग्स को उतारा मौत के घाट, मासूम पिल्ले को भी नहीं बख्शा