मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार की अगली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक मंदसौर जिले के गांधी सागर बांध पर होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में 18 नवंबर को बैठक आयोजित करने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में 15 नए सैटेलाइट टाउन विकसित करने का भी प्रस्ताव है। मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री चैतन्य काश्यप ने यह जानकारी दी। बैठक में गांधी सागर बांध पर प्रस्तावित 1920 मेगावाट क्षमता के पंप स्टोरेज प्लांट के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। गांधी सागर में प्रस्तावित पंप स्टोरेज परियोजना को प्रदेश के बड़े ऊर्जा भंडारण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना के जरिए बिजली की जरूरत के मुताबिक ऊर्जा का भंडारण और इस्तेमाल किया जा सकेगा। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में इस परियोजना की प्रगति और इससे जुड़े अन्य पहलुओं पर भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा क्षेत्र के विकास और सरकार की दूसरी महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में रखे जा सकते हैं। प्रदेश में 15 नए सैटेलाइट टाउन विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित अर्बन डेवलपमेंट कार्यक्रम में भी इसका उल्लेख किया था। सरकार का उद्देश्य शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करना और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर शहरी सुविधाएं विकसित करना है।