मध्यप्रदेश में गर्मी का सितम जारी है। दिन में लू के थपेड़े लगने लगे हैं, धूप झुलसा रही है। आने वाले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। खरगोन रविवार को भी प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं राजधानी भोपाल की रात सबसे गर्म रही। यहां 27 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। सोमवार को भी चंबल संभाग के जिलों में तथा रतलाम, धार, ग्वालियर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, खरगोन, गुना जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो पचमढ़ी को छोड़कर संपूर्ण मप्र में दिन का पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। पश्चिमी मप्र में तापमान लगभग स्थिर बना रहा तो पूर्वी मप्र में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे गर्म खरगोन बना हुआ है। हालांकि रविवार को यहां पारे में मामूली गिरावट रही। शनिवार को देश में सबसे गर्म रहे खरगोन में रविवार को 44.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल की रात सबसे गर्म रही। यहां 27 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
पांच ऐसे शहर, जहां दिन सबसे गर्म रहा
| शहर |
तापमान |
| खरगोन |
44.8 |
| खजुराहो |
44.4 |
| नौगांव |
44.1 |
| दमोह |
44 |
| ग्वालियर |
43.6 |
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। खरगोन, धार, रतलाम में लू का प्रभाव रहा। अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं रहा। अगले 24 घंटों की बात करें तो मौसम शुष्क बना रहेगा। चंबल संभाग के जिलों में तथा रतलाम, धार, ग्वालियर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, खरगोन, गुना जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पांच ऐसे शहर, जहां रात सबसे गर्म रही
| शहर |
तापमान |
| भोपाल |
27 |
| दमोह |
26.2 |
| राजगढ़ |
26 |
| रतलाम |
26 |
| नर्मदापुरम |
25.8 |
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम एक्टिव नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। सूर्य की किरणें भी सीधे धरती पर पड़ रही हैं। इसके अतिरिक्त हवाओं का रुख भी उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। इससे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान करने लगे हैं। मध्य प्रदेश के आसपास के राज्यों राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इस वजह से भी मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार गर्म बना हुआ है। साथ ही अभी भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार भी नहीं हैं।
प्रदेश के बड़े शहरों का हाल
| शहर |
अधिकतम तापमान |
न्यूनतम तापमान |
| भोपाल |
43.3 |
27 |
| इंदौर |
40.8 |
24.6 |
| ग्वालियर |
43.6 |
24.2 |
| जबलपुर |
41.1 |
22 |