सार
मध्यप्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापा मारा। पचमढ़ी और छिंदवाड़ा में हुई कार्रवाई में शुरुआती तौर पर 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति, 2.52 किलो सोना, नकदी और दो होटल-रिसॉर्ट से जुड़े खुलासे हुए हैं।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
- फोटो : अमर उजाला
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पचमढ़ी में पदस्थ सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर शनिवार को लोकायुक्त पुलिस ने छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त की टीम ने पचमढ़ी स्थित उनके सरकारी आवास और कार्यालय के साथ छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर एक साथ तलाशी ली। शुरुआती जांच में करीब 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। इसमें 2.52 किलो सोना, नकदी, वाहन, होटल और रिसॉर्ट के साथ जमीनों से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, संजीव कुमार शर्मा पर अपनी पत्नी और अन्य निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की जानकारी मिली थी। इस पर उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक सत्यापन किया। इसमें उनकी आय से अधिक संपत्ति होने की आशंका सामने आई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया गया। शनिवार, 14 नवंबर को पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने कार्रवाई शुरू की।
ये भी पढ़ें-
एमपी: जनजातीय क्षेत्रों में दौड़ेंगी बसें, 3 जिलों में बनेंगे सांदीपनि स्कूल; CM मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं
26 लाख नकद और साढ़े तीन करोड़ का सोना मिला
तलाशी के दौरान लोकायुक्त टीम को 26 लाख 36 हजार 800 रुपये नकद मिले। इसके अलावा 2.528 किलोग्राम सोना मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये बताई गई है। टीम को 1.656 किलोग्राम चांदी भी मिली है, जिसका अनुमानित मूल्य 2.94 लाख रुपये है। वाहनों में स्कॉर्पियो, महिंद्रा केयूवी, बुलेट और स्कूटर शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 31.20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घरेलू सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़ें-
एमपी: केरलम में 550 एकड़ जमीन के लिए मध्य प्रदेश ने मांगे 280 करोड़, बीनाची एस्टेट के हस्तांतरण की तैयारी
दो होटल और रिसॉर्ट भी सामने आए
लोकायुक्त की शुरुआती जांच में संजीव शर्मा से संबंधित दो होटल और रिसॉर्ट की जानकारी भी मिली है। इनमें इकोटेल रिसॉर्ट की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये और सेरेनिटी द विला की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इन दोनों संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन कराया जाएगा। तलाशी के दौरान जमीनों की खरीद-बिक्री से संबंधित 28 दस्तावेज भी मिले हैं। लोकायुक्त अधिकारियों के मुताबिक, इन दस्तावेजों और होटल-रिसॉर्ट की जांच के बाद संपत्ति का वास्तविक मूल्य सामने आएगा। जांच आगे बढ़ने के साथ आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की भी संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में मतदाता सूची में जुड़े 8.19 लाख नए नाम, कुल वोटरों की संख्या 5.48 करोड़ के करीब पहुंची
जांच के बाद बढ़ सकता है संपत्ति का आंकड़ा
लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक स्तर पर करीब 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह और अजय मिश्रा ने किया। टीम में उप पुलिस अधीक्षक भैयालाल प्रजापति, निरीक्षक रजनी तिवारी, घनश्याम मशकोले, नीतू कुसरिया सहित भोपाल संभाग के पुलिसकर्मी शामिल रहे।