दिवाली पर पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण और त्योहारों के बढ़ते व्यावसायीकरण को लेकर मध्यप्रदेश के श्रम विभाग के सचिव आईएएस रघुराज राजेंद्रन ने चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचाता है। उनका कहना है कि दिवाली पर हम रोशनी बांटने के बजाय ब्रोंकाइटिस बांट रहे हैं। राजेंद्रन ने अपने पोस्ट में कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है, लेकिन अब त्योहार मनाने का तरीका बाजार तय करने लगा है। बिक्री, आकर्षक ऑफर और खरीदारी को उत्सव की खुशियों का पैमाना बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लोगों के लिए सबसे अच्छा उपहार स्वच्छ हवा हो सकती है, लेकिन इसके बजाय मिठाइयों में अधिक चीनी और वसा, पैकेटबंद नमकीन और ऐसे उपहार दिए जाते हैं, जिनकी कई बार सामने वाले को जरूरत भी नहीं होती। इसके बाद पटाखे जलाए जाते हैं, जिनसे शोर और धुएं के अलावा कुछ हासिल नहीं होता।