हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस मौत जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कारण से हुई मौत दुखद है। ऐसे मामलों में आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई पर ध्यान देना चाहिए। मंगलवार को जारी बयान में खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशामुक्त भारत अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी घटना में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें-
देवास शराब कांड: जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत तीन निलंबित, आबकारी आयुक्त ने जारी किए आदेश
2029 तक नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने का लक्ष्य
खंडेलवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश को 31 दिसंबर 2029 तक नशे के अवैध कारोबार से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वर्ष 2026 से 2029 तक की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई, खुफिया जानकारी के आधार पर जांच, राज्यों के बीच समन्वय और युवाओं को नशे से बचाने पर जोर दिया जा रहा है। नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
एमपी: मादा चीता निर्वा के 19 माह के शावक की गोली लगने से मौत, पुनर्वास के बाद देश में पहली बार चीते की हत्या
पटवारी आरोप की बजाए सुझाव दें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नशामुक्त भारत का अभियान युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा से जुड़ा है। पटवारी को केवल आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि नशे के अवैध कारोबार को रोकने और युवाओं को इससे बचाने के लिए कांग्रेस के पास क्या ठोस सुझाव हैं। खंडेलवाल ने कहा कि जनता आरोपों की राजनीति नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था चाहती है जिसमें अपराधियों को सजा मिले और अवैध कारोबार पर रोक लगे। उन्होंने कांग्रेस से नशामुक्त मध्यप्रदेश और नशामुक्त भारत अभियान में सहयोग करने की अपील की।