पॉवर ऑफ अटॉर्नी को लेकर इन दिनों प्रदेश में चल रही पॉलिटिक्स पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे काम ही क्यों करते हैं कि गाली खानी पड़े। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में गाली खाने का काम भी बंटा हुआ है। कमलनाथ कहते हैं कि मैने गाली खाने की पावर ऑफ अटॉर्नी दिग्विजय सिंह को दे दी है। इन्होंने तो सरकार चलाने की पावर ऑफ अटॉर्नी भी दिग्विजय सिंह को दे रखी थी। मैं कहता हूं, ऐसे काम ही क्यों करते हैं कि गाली खानी पड़े। कांग्रेस नेताओ के भाजपा में शामिल होने के अवसर पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्रकारों ने चर्चा कर रहे थे। यहीं पर सीएम ने यह बात कही। वहीं वीडी शर्मा ने भी कहा कि भ्रष्टाचार की पावर ऑफ अटॉर्नी उन्होंने किसे दे रखी है। ये भी बता दें। गौरतलब है कि रवींद्र भवन में मंगलवार को कांग्रेस का वचन पत्र जारी किया गया था। इस दौरान कमलनाथ और दिग्विजय के बीच हुआ संवाद चर्चा का विषय बन गया है। इसी पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन ने चुटकी ली।
ये था संवाद
कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह को लेकर मंच से कहा कि मैंने अपने नाम की सारी गालियां खाने की पावर ऑफ अटॉर्नी इन्हें दे रखी है। कमलनाथ के नाम की पूरी गालियां आप खाइए। ये पावर ऑफ अटॉर्नी आज भी वैलिड है। मेरी गलती हो या नहीं, गाली खानी ही है। वहीं दिग्विजय सिंह ने इसके जवाब में कहा था कि फार्म पर सिग्नेचर पीसीसी चीफ के होते हैं तो ऐसे में कपड़े किसके फटने चाहिए?? कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच हुए इस संवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।