मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में शोले फिल्म के किरदार जय-वीरू की एंट्री के बाद अब गब्बर सिंह की भी एंट्री हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधते हुए उन्हें जय और वीरू बताया था। अब इसके जवाब में कमलनाथ ने शोले फिल्म के विलन गब्बर सिंह का नाम लिया है। उन्होंने ट्वीट किया कि शिवराज जी, जय और वीरु ने ही अत्याचारी गब्बर सिंह का हिसाब किया था। मध्य प्रदेश 18 साल से अत्याचार से त्रस्त है। अत्याचार के अंत का समय आ गया है। बाक़ी आप समझदार हैं।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के बीच आ रही अनबन की खबरों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसा था, जबकि कमलनाथ इन खबरों को पूरी तरह से फेक बता चुके हैं।
ये बोले थे शिवराज
सीएम शिवराज ने सवाल उठाते हुए कहा था कि ये जय और वीरू की जोड़ी है, जिसे दिल्ली बुलाया गया। अब वो कहते हैं कि भाजपा भ्रम फैला रही है तो दिल्ली क्यों बुला रही है! कांग्रेस के जय और वीरू झगड़ रहे हैं और ये लड़ रहे हैं लूट के माल के लिए। जय और वीरू तो लूटते ही थे, इनका झगड़ा है लूट के माल के लिए। पहले भी 2003 तक मिस्टर बंटाधार में पूरे प्रदेश को लूटा और बर्बाद कर दिया सवा साल में कमलनाथ जी ने भी लूट का अड्डा बना दिया था। अब आगे कौन लूटे और कितना लूटे और उसमें कितनी हिस्सेदारी हो झगड़ा इनका केवल इस बात का है। अब दिल्ली भी पता नहीं इन पर किस मुद्दों पर चर्चा कर रही है। क्या दिल्ली भी इसमें शामिल है।
छोड़ रहे चुनावी तीर
विधानसभा चुनाव के इस दौर में दोनों ही पार्टियों के नेताओं की ओर से चुनावी तीर छोड़े जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जहां पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साथ रहे हैं। वहीं, जवाब में कमलनाथ भी शिवराज सिंह पर बराबर हमला कर रहे हैं। जय-वीरू और गब्बर से पहले भी शिवराज और कमलनाथ दोनों एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करते रहे हैं।