सीएम मोहन यादव वाराणसी के कार्यक्रम में
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वाराणसी में आयोजित अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार और समाज ने मिलकर बड़े स्तर पर गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए हैं। प्रकृति के पूजन से जुड़े इस पर्व को लोगों ने उत्साह के साथ मनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी सरकार काम कर रही है। पहले कांजी हाउस के स्थान पर 10 हजार गायों की देखभाल की क्षमता वाली हाईटेक गौशालाएं शुरू की जा रही हैं। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्ययोजना पर काम हो रहा है। इसके साथ ही गौपालन को प्रोत्साहित करने के लिए पशुपालकों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल: एमपी में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियां तेज, आदिवासियों को राशन में दाल देने पर विचार करेगी सरकार
भगवान कृष्ण ने सत्ता नहीं, धर्म और सत्य का रास्ता चुना
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लोकतंत्र का नायक बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में कभी सत्ताधीश बनने का प्रयास नहीं किया। उनका जीवन धर्म के मार्ग पर चलने और अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है। भगवान कृष्ण ने सत्य की लड़ाई लड़कर विजय प्राप्त की। उन्होंने लोगों को साहस के साथ जीवन जीने और हर परिस्थिति में मुस्कराने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की प्रतिभाओं का सम्मान भी किया। इस दौरान पूर्व सांसद डीपी यादव, उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल और दयाशंकर यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-
एमपी: सोनिया गांधी और अखिलेश यादव पर मंत्री विश्वास सारंग का हमला, बोले- चुनाव आते ही याद आ रहे भगवान राम
कृष्ण का इतिहास धर्म और सच्चाई की राह दिखाता है
वाराणसी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन नाथ मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का पांच हजार साल पुराना गौरवशाली इतिहास आज भी लोगों को धर्म और सच्चाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र देव के अभिमान को समाप्त किया था और पूरी दुनिया को प्रकृति से प्रेम करने का संदेश दिया था। कर्म आधारित जीवन पद्धति में भगवान श्रीकृष्ण सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी गोपालकों और यदुवंशियों की ओर से यह विश्वास व्यक्त करते हैं कि जिस तरह भगवान श्रीराम अयोध्या में पूरे वैभव के साथ विराजमान हुए हैं, उसी तरह जल्द ही भगवान गोपाल कृष्ण भी मथुरा में विराजमान होंगे।
काशी के घाटों और धार्मिक स्थलों के विकास की सराहना की
मुख्यमंत्री ने काशी में हुए विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों को पवित्र भगवद्गीता की प्रति भेंट कर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का संदेश दे रहे हैं। काशी के गंगा घाटों सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास भी महत्वपूर्ण कार्य है। इसके लिए प्रधानमंत्री अभिनंदन के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर आयोजित गोवर्धन पूजा उत्सव में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मुलाकात की।