मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर चुनावी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय पार्टी के प्रदर्शन और संगठन पर आत्ममंथन करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया के जरिए कांग्रेस को कई राज्यों में सरकार बनाने का अवसर मिला, उसी प्रक्रिया पर हार के बाद सवाल उठाना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने इसी संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव जीते और सरकार बनाई। ऐसे में सवाल यह है कि हार मिलने पर चुनाव आयोग गलत और जीत मिलने पर वही आयोग सही कैसे हो जाता है। उन्होंने कांग्रेस से यह भी विचार करने को कहा कि तमिलनाडु में पार्टी लंबे समय से कमजोर क्यों है, पश्चिम बंगाल में दशकों से सत्ता से बाहर क्यों है और उत्तर प्रदेश-बिहार जैसे राज्यों में उसका जनाधार लगातार क्यों कमजोर हुआ है। यादव के मुताबिक, इन सवालों के जवाब चुनाव आयोग पर आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस के संगठन और नेतृत्व के स्तर पर तलाशने की जरूरत है।