भाजपा राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर से भाजपा संगठन में शुरू हुआ सफर अब दिल्ली तक पहुंच गया है। आशीष उषा अग्रवाल को पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय टीम में एंट्री के सिर्फ 37 दिन बाद ही उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है। ग्वालियर के आशीष उषा अग्रवाल का भाजपा में सफर अचानक मिली किसी एक जिम्मेदारी की कहानी नहीं है। करीब 16 साल पहले उन्होंने पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका शुरू की थी। इससे पहले वे बैंकिंग सेक्टर में काम कर चुके हैं। वर्ष 2003 से 2010 तक उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक और उसके समूह में विभिन्न पदों पर काम किया। इसके बाद उनकी सक्रियता भाजपा संगठन की ओर बढ़ी और 2010 से वे ग्वालियर में पार्टी की गतिविधियों से जुड़ गए। लगातार संगठन के साथ काम करने के बाद 2017 में उन्हें भाजपा मध्यप्रदेश के मीडिया पैनल में जगह मिली। इसके बाद 2021 में वे प्रदेश प्रवक्ता बने। करीब दो साल बाद, 29 अप्रैल 2023 को उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिली। प्रदेश में पार्टी के मीडिया से जुड़े कामकाज को संभालते हुए वे लगातार सक्रिय रहे। अब उनके संगठनात्मक सफर में एक और बड़ा पड़ाव आया है।
ये भी पढ़ें-
भाजपा का नया दांव: दतिया में नरोत्तम को किया किनारे, स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर के करीबी को कमान
37 दिन बाद ही बड़ी जिम्मेदारी
17 अगस्त 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राष्ट्रीय टीम में नियुक्तियां की थीं। उस समय आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया था। उनके साथ प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को भी यही जिम्मेदारी दी गई थी। उस समय राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी अनिल बलूनी के पास थी। लेकिन 23 सितंबर को पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया विभाग में बदलाव किया और आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बना दिया। यानी राष्ट्रीय टीम में पहली बार शामिल होने के केवल 37 दिन बाद उनकी जिम्मेदारी सह-संयोजक से बढ़कर संयोजक तक पहुंच गई।
ये भी पढ़ें-
एमपी: 79 की उम्र में दिग्विजय की 950 किमी पदयात्रा, रोज 8 किमी की प्रैक्टिस; 20 अक्तूबर से शुरुआत, जानिए वजह?
कौन हैं आशीष अग्रवाल?
आशीष अग्रवाल ग्वालियर के रहने वाले हैं। उन्होंने जिवाजी विश्वविद्यालय से बीकॉम और एमए (सोशल वर्क एंड एक्सटेंशन एजुकेशन) किया है। इसके बाद ग्रेट लेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, चेन्नई से एमबीए किया। उनका जुड़ाव सिर्फ संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा। ग्वालियर में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी वे सक्रिय रहे हैं। उनके परिवार की 125 वर्ष पुरानी व्यावसायिक विरासत बताई जाती है। सामाजिक कार्यों में भी उनकी भागीदारी रही है।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश भाजपा में बदलाव: त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देव प्रभारी, सांसद रेखा वर्मा सह प्रभारी बनीं
अब प्रदेश नहीं, पूरे देश की मीडिया जिम्मेदारी
मध्यप्रदेश में वर्षों तक पार्टी का मीडिया पक्ष रखने वाले आशीष अग्रवाल की नई भूमिका का दायरा अब राष्ट्रीय हो गया है। राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संवाद, विभिन्न मुद्दों पर संगठन का पक्ष सामने रखने और मीडिया से समन्वय से जुड़े काम में उनकी भूमिका रहेगी।
ये भी पढ़ें-
एमपी: पहली अग्निवीर बैच के निकलने से पहले MP सरकार बदलेगी नौकरी के नियम, 10% कोटा 20% करने की तैयारी
ऐसे बढ़ती गई जिम्मेदारी
ग्वालियर से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर, बैंकिंग सेक्टर की नौकरी, 2010 से भाजपा में सक्रियता, 2017 में मीडिया पैनल, 2021 में प्रदेश प्रवक्ता, 2023 में प्रदेश मीडिया प्रभारी और फिर 2026 में राष्ट्रीय टीम आशीष अग्रवाल के राजनीतिक सफर में 37 दिन का यह बदलाव सबसे तेजी से बढ़ी जिम्मेदारी वाला पड़ाव है।