मध्यप्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है रविवार को भी बारिश का दौर जारी रहा वहीं प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में अभी तेज बारिश की उम्मीद किस किए हुए हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में इस वर्ष पर्याप्त वर्षा होगी। इधर तेज बारिश के चलते रविवार सुबह सतपुड़ा बांध के 14 में से 11 गेट खोल दिए गए हैं। नर्मदापुरम में भारी बारिश से निचली बस्तियों में पानी भर गया है। पचमढ़ी में लैंड स्लाइड से पहाड़ से सटा रास्ता बंद हो गया। सीहोर में सीवन नदी में बाढ़ आ गई। जिससे सीहोर से इंदौर जाने वाला मार्ग बंद हो गया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन पूरे मध्यप्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट है।
भोपाल समेत कई जिलों में तेज हुई बारिश
इधर राजधानी भोपाल में तेज बारिश हुई। डेढ़ इंच पानी गिरा। इसके अलावा इंदौर नर्मदापुरम, धार, खंडवा, उज्जैन, छिंदवाड़ा, बालाघाट के मलाजखंड में भी बारिश हुई। बारिश के दौरान भोपाल के जेल रोड पर एक बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में आकाशीय बिजली भी गिर गई। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में स्ट्रांग सिस्टम को लेकर तेज बारिश का दौर चल रहा है। भोपाल से मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में सीहोर, नर्मदापुरम और सिवनी में बिजली के साथ बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। भोपाल के बैरागढ़, आगर-मालवा, रायसेन के भीमबैठिका, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, अनूपपुर के अमरकंटक में भी बिजली गिरने के साथ भारी बारिश और मध्यम गरज के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। सागर, विदिशा के सांची, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, बैतूल, पचमढ़ी, दक्षिण गुना, मंडला, डिंडौरी में बिजली चमकने के साथ श्योपुर, दमोह, नरसिंहपुर, जबलपुर, हल्की बारिश होने की संभावना है। हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, उज्जैन, रतलाम के धोलावाड़, उमरिया, कटनी और दमोह में भी बारिश हो सकती है।
पूर्वी हिस्से में सूखे जैसी स्थिति
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अभी सूखा जैसा है। यहां 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में 2% बारिश ज्यादा है। ओवरऑल बात करें तो अब तक 9 प्रतिशत बारिश कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक एवरेज 12.7 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इसके मुकाबले 11.6 इंच बारिश ही हुई है।
भोपाल में रुक-रुक कर होती रही तेज बारिश
रविवार को राजधानी भोपाल में सुबह से कभी तेज तो कभी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। दोपहर साढ़े 3 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो करीब एक घंटा तक जारी रही। इससे पूरा शहर तरबतर हो गया। बदले मौसम का लुत्फ उठाने के लिए सैकड़ों लोग बोट क्लब और लेक व्यू पर पहुंचे। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। बड़े तालाब में पानी का लेवल 1661.35 फीट पहुंच गया है। अब यह सिर्फ 5.45 फीट ही खाली है। रविवार को कोलांस नदी अपने लेवल से 1 फीट ऊपर बह रही है।
अटल परिसर में गिरी बिजली, बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में आई दरारें
राजधानी भोपाल में बारिश के दौरान ही जेल रोड स्थित संजीव नगर के अटल परिसर की एक बिल्डिंग पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में दरारें आ गईं। एल-1 के हिस्से में बिजली गिरने से भवन के ऊपरी भाग में बड़ा छेद हो गया। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बड़ा हादसा टल गया।