जमीअत उलमा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून।
- फोटो : अमर उजाला
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल में एक युवक द्वारा फिलीस्तीन का झंडा लगाने पर पुलिस द्वारा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अगर, ये वाकई कानूनन अपराध है तो मध्य प्रदेश और भारत सरकार को इसकी स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए, ताकि जो भ्रम की स्थिति बनी हुई है, वह समाप्त हो। जमीअत उलमा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार भारत सरकार फिलिस्तीन का समर्थन कर रही है, अगर ऐसा नहीं है और भारत में फिलीस्तीन का झंडा लगाना अपराध है तो केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार स्थिति स्पष्ट करें। ताकि, हम अपने समाज को स्पष्ट रूप से संदेश देकर इस प्रकार के कृत्य करने से रोक सकें।
हाजी हारून ने कहा कि फिलीस्तीन को लेकर भारत सरकार की नीति महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू से लेकर आज तक समर्थन में रही है। फिलीस्तीन से हमेशा भारत के अच्छे संबंध रहे हैं, वह एक मित्र देश रहा है। इस समय पूरे विश्व में कई बड़े-बड़े देश और उनके नागरिक फिलीस्तीन का समर्थन कर रहे हैं। पूरे विश्व में इस समय फिलीस्तीन के समर्थन में जुलूस, रैलियों का आयोजन हो रहा है। भारत में भी करोड़ों भारतीय फिलीस्तीन के समर्थन में हैं। हाजी हारून ने कहा कि अगर, फिलीस्तीन का झंडा लगाना अपराध की श्रेणी में नहीं आता है तो शासन को पुलिस को आदेश करना चाहिए कि उक्त युवक पर किया गया केस वापस लेकर उसे रिहा किया जाए।