दो युवकों की डेम में डूबने से मौत
- फोटो : अमर उजाला
बिलखिरिया थाना क्षेत्र स्थित घोड़ा पछाड़ डेम में दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे तीन युवक गहरे पानी में जाने से डूब गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डैम में युवकों की तलाश शुरू की। गोताखोरों ने दो युवकों के शव बाहर निकाल लिए, जबकि तीसरे युवक की तलाश की जा रही है। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सेन के मुताबिक बागसेवनिया थानांतर्गत पिपलिया पेंदे खां में रहने वाले सात युवक गुरुवार दोपहर घोड़ा पछाड़ डैम पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सारे दोस्तों ने यहां डैम के पास बैठकर खाना-पीना खाया और शाम करीब साढ़े पांच बजे नहाने के लिए डैम में उतर गए। इस दौरान गहरे पानी में जाने से तीन युवक डूब गए। साथी दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डैम में सर्चिंग शुरू की तो दो युवकों के शव बरामद हो गए, जबकि तीसरे की तलाश देर रात तक की जा रही थी। डैम में डूबने वाले तीनों युवकों के नाम अर्जुन मालवीय (20), नितिन नरवड़े (23) और संजय मेहर (26) बताए गए हैं। इनमें अर्जुन की तलाश डैम में की जा रही है। चार अन्य दोस्तों के नाम दुर्गेश गाड़गे, अजय गाड़गे, शुभम अहिरे और सुमित सांवले बताए गए हैं। सभी दोस्त एक ही इलाके के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि अंधेरे के कारण रात को सर्चिंग बंद कर दी। शुक्रवार सुबह दोबारा सर्चिंग की जाएगी।