शाहपुरा थाना क्षेत्र में व्यापारी के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो बदमाश चोरी करने वाले हैं और एक चोरी का सामान खरीदने वाला। पुलिस के अनुसार 18-19 मार्च की दरमियानी रात जय भवानी सोसायटी में रहने वाले गोपाल प्रसाद अग्रवाल के यहां से बदमाश 300 ग्राम सोने के जेवर और आठ लाख रुपये नकरी चोरी कर ले गए थे।
ये भी पढ़ें- नहीं मिले भावना गोलीकांड के आरोपी अब तक, एक टीम ग्वालियर रवाना
फरियादी घटना के समय शहर से बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के बाद 33 वर्षीय आशुतोष श्रीवास्तव पिता ओम प्रकाश श्रीवास्तव नि. म.न. 102 ई ब्लाक शीतल हाईट मिसरोद, 30 वर्षीय जितेन्द्र उर्फ जीतू मीणा पिता मोहन सिंह निवासी सतलापुर मण्डीदीप और इंदौर के छत्रीपुरा निवासी धर्मेन्द्र उर्फ मनीष प्रजापति पिता ओम प्रकाश प्रजापति को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें- हाईकोर्ट का फैसला- जैन समाज के वैवाहिक मामलों का निपटारा हिंदू विवाह अधिनियम के तहत होगा
आरोपी आशुतोष श्रीवास्तव और जितेन्द्र मीणा ने चोरी का सामान धर्मेंद्र को बेचा था, इसलिए उसे भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों ने 300 ग्राम सोने के जेवर और आठ लाख रुपये चोरी करना स्वीकार कर लिया है। सोने के जेवर और चांदी की सिल्ली बरामद की गई है और अन्य जेवर के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शंका है कि यह गिरोह भोपाल में और कई वारदात में शामिल हो सकता है।