जेपी अस्पताल में नरीक्षण करने पहुंचे सीएमएचओ
- फोटो : अमर उजाला
जेपी अस्पताल में मरीजों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे। शिकायत के बाद बुधवार को प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल के निर्देश पर अस्पताल में भोजन आपूर्ति करने वाली फर्म रूपा इंटरप्राइजेज के खिलाफ जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खराब गुणवत्ता और एक्सपायरी सामग्री पाए जाने पर तुअर दाल, बेस्ट बिफोर डेट पार कर चुका धनिया पाउडर, ज्वार, और गिलकी की सब्जी के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए
जांच टीम ने जब फर्म से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगे तो अधिकृत प्रतिनिधि दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जो कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 व नियम 2011 के स्पष्ट उल्लंघन के अंतर्गत आता है। इस पर फर्म को अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।
मरीजों की सेहत से कोई समझौता नहीं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने कहा है कि इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि अस्पतालों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों की सेहत सर्वोपरि है, और मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें-
वन विहार से शुरू हुआ वन्यजीव सप्ताह, CM बोले-मप्र बनेगा इको सिस्टम मॉडल, जल-थल-नभ में संतुलन की कोशिश
ओरिएंटल कॉलेज की कैंटीन पर भी जांच
इधर खाद्य सुरक्षा प्रशासन को प्राप्त एक अन्य शिकायत के आधार पर ओरिएंटल कॉलेज ऑफ इंस्टीट्यूट, रायसेन रोड की कैंटीन “56 रजवाड़ा” पर भी जांच की गई। यहां से चावल, बेसन और छोले की सब्जी के नमूने लिए गए हैं, जो जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद, संबंधित संस्थानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें-
हंगामे के बाद BMHRC सहित 4 और सरकारी नर्सिंग कॉलेजों को मिली मान्यता,अब भी 13 कालेज मान्यता से वंचित
एक्शन में सीएमएचओ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा एक्शन में दिखे। मंगलवार की रात 10 बजे उन्होंने जयप्रकाश चिकित्सालय का दौरा किया। अस्पताल में गंदगी देखकर कर्मचारियों को फटकार लगाई। अस्पताल में पर्याप्त सफाई न मिलने पर सफाई एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। बुधवार को सुबह 10 बजे डॉ. शर्मा द्वारा अस्पताल की ओपीडी और किचन का भ्रमण किया गया। अस्पताल के किचिन में भोजन और खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता देखकर मौके पर ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी से सैंपल करवाए गए। किचन की अव्यवस्थाओं के लिए कॉन्ट्रेक्टर को नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर संबंधितों पर कार्यवाही की जाएगी।