राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय अधेड़ ने पत्नी और लिव-इन पार्टनर के बीच आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। अधेड़ कुछ दिन पहले ही लिव-इन पार्टनर को छोड़कर पहली पत्नी और बेटियों के साथ रहने आया था, जिस दिन वह लौटकर लिव-इन के निवास गया, उसी दिन उसकी जहर खाने से मौत हो गई। बेटी ने पिता को लिव-इन पार्टनर पर जहर देकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। बागसेवनिया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बागसेवनिया थाने के उप निरीक्षक मुकेश स्थापक ने बताया कि 55 वर्षीय राजू जाधव हबीबगंज थाना क्षेत्र में पत्नी और बेटियों के साथ रहता था। वह एक निजी स्कूल की बस में कंडक्टरी का कार्य करता था। कुछ वर्षों से वह बागसेवनिया थाना क्षेत्र के अमराई में रहने वाली एक महिला के साथ संबंध में था। जब इस बात की जानकारी पत्नी और बेटियों को हुई तो उन लोगों ने विवाद करना शुरू कर दिया। इसके बाद राजू जाधव पत्नी और बेटियों को छोड़कर लिव-इन पार्टनर महिला के साथ अमराई में ही रहने लगा था।
यह भी पढ़ें: सात मौत के मामले में SP का खुलासा, 2013 के बाद नरेंद्र यादव बन गया एन जॉन कैम, अब पॉलीग्राफ टेस्ट की मांग
आए दिन होता था विवाद
एसआई स्थापक ने बताया कि राजू की पत्नी और बेटियां कई बार अमराई आती थीं और उसे अपने साथ रहने के लिए दबाव बनाती थीं, लेकिन राजू नहीं जाता था। कुछ महीनों से वह बेटियों से मिलने जाता था, कभी-कभी वह बेटियों व पत्नी के साथ हबीबगंज स्थित अपने घर पर रूक जाता था तो लिव-इन पार्टनर उसके घर पहुंचकर विवाद करने लगती थी। पत्नी और लिवइन पार्टनर में आए दिन साथ रहने के लिए विवाद होता था।
यह भी पढ़ें: प्रदीप मिश्रा की कथा और भगदड़ का पुराना नाता, चार साल में छह हादसे, कई घायल; एक की मौत
गुरुवार तक वह पत्नी के यहां था, लिव-इन पार्टनर ने विवाद किया, इसके बाद वह गुरुवार को अमराई गया था, जहां शुक्रवार को उस बेहोशी की हालत में मिला था। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उसने जहरीली गोलियां खा ली थीं। शनिवार को राजू जाधव की मौत हो गई। मौत के बाद राजू की बेटियों ने लिव-इन पार्टनर महिला पर पिता को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मर्ग कायम कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है।
साड़ी से झूल गया युवक, कुछ देर पहले ही पत्नी-बेटी के साथ खाया था खाना
भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने पत्नी और बेटी के साथ खाना खाया। इसके कुछ ही देर बाद उसने बेटी के लिए पत्नी की साड़ी से बनाए गए झूले में लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पत्नी और पड़ोसियों ने बताया कि वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से अवसाद में था। लेकिन सुसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
ऐशगाब थाना पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय आकाश गजानंद सावडेकर ऐशबाग थाना क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहता था और प्राइवेट नौकरी करता था। शुक्रवार को रात करीब दस बजे वह नौकरी से लौटा तो पत्नी और बेटी के साथ बैठकर खाना खाया। खाना खाने के बाद कुछ देर 18 माह की बेटी के साथ बैठा रहा, इसके बाद टहलने निकल गया। देर रात पत्नी की नींद खुली तो पति बिस्तर पर नहीं था। वह बाहर निकलकर देखा तो 18 महीने की बेटी के लिए साड़ी का जो झूला बनाया था, उसी में लटका हुआ था। महिला ने शोर मचाया और पड़ोसियों का बुलाया। आनन-फानन में पड़ोसियों ने फंदे से उतारकर उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और पड़ोसियों ने बताया कि उसकी नौकरी भी ठीक से नहीं चल रही थी। बेटी के पैदा होने के बाद उसकी परवरिश को लेकर तनाव में रहता था। कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से डिप्रशन में रहने लगा था। वह गुमशुम रहता था, लेकिन किसी को अपनी परेशानी बताता नहीं था। ऐसे में वह किस बात को लेकर डिप्रेशन में था, इसका भी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है