नरेला विधानसभा में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। मंत्री सारंग ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त पानी, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को भी कहा, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। सारंग ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति आभार और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। नरेला विधानसभा क्षेत्र में यह पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।