टीम की कार्रवाई के बाद नदी किनारे जमा हुए ग्रामीण।
- फोटो : Amar Ujala Digital
भिंड जिले के भारौली थाना इलाके की सिंध नदी के मुसावली घाट पर रेत का अवैध डंप किए जाने की सूचना पर पुलिस प्रशासन और माइनिंग टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। यहां बड़ी तादाद में अवैध रूप से डंप किया हुआ रेत मिला है। टीम ने सारा रेत जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि भिंड पुलिस अधीक्षक को लगातार भारौली थाना इलाके में सिंध नदी से अवैध खनन कर डंप करने की शिकायतें मिल रही थीं। एसपी ने कार्रवाई के लिए भारौली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर को निर्देशित किया था। रविवार सबसे पहले पुलिस टीम के साथ माइनिंग अधिकारी दिनेश डुडवे और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने संयुक्त रूप से मुसावली रेत खदान पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी तादाद में अवैध रूप से डंप किए गए रेत को जब्त किया है।
दोपहर करीब दो बजे टीम ने इलाके के गोरम रेत खदान के पास भी दबिश दी। यहां भी टीम को भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारण किए हुए रेत के कई डंप मिले हैं। माइनिंग और पुलिस की टीम ने इन अवैध डंप रेत भंडारण को जब्त कर लिया है। फ़िलहाल जब्त रेत की मात्रा कितनी है, इसकी स्थिति कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट की जा सकेगी।
मामले को लेकर थाना प्रभारी अनीता गुर्जर का कहना है कि रेत के अवैध खनन और परिवहन के साथ अवैध भंडारण की शिकायत मिली रही थी। इस पर कार्रवाई के लिए टीम क्षेत्र में दबिश दे रही है। मुसावली रेत खदान पर किसी तरह का संचालन या खनन तो नहीं मिला है, लेकिन आसपास कई अवैध रेत भंडारण मिले हैं जिन्हें माइनिंग विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई अभी जारी है।