बैतूल में कबाड़ी की दुकान में बम के सेल मिले हैं।
- फोटो : अमर उजाला
बैतूल में एक कबाड़खाने में जब पुलिस जांच करने पहुंची तो उन्हें खाली बमों के खोल मिले। इनकी जांच करने के लिए होशंगाबाद से बम निरोधक दस्ता भी बुलवाया गया। जांच के बाद बताया गया कि ये सभी बमों के खोल हैं। लेकिन बम मिलने की सूचना पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कबाड़ में मिले इन खाली खोलों की संख्या 21 बताई जा रही है।
असल में, 15 अगस्त और 12 अगस्त को मुख्यमंत्री के आगमन के चलते कोतवाली पुलिस तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को कबाड़ी के गोदाम में रखे सामान के बीच बम मिले। पुलिस ने कबाड़ी आकिब कुरैशी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है कि उसके पास ये बम के खोल कहां से आए। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। बम मिलने के बाद, पुलिस ने आसपास के घरों को खाली करवा कर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया था।
एडिशनल एसपी कमला जोशी का कहना है कि बम निरोधक दस्ते ने आकर जांच की है, जितने भी खोल मिले हैं, ये सभी निष्क्रिय हैं। इनकी संख्या 21 है। कबाड़ी के पिता नईम कुरैशी का कहना है कि दो दिन पहले, इंदिरा वार्ड बैतूल के निवासी वसीम और शाहरुख तीन बोरियों में कबाड़ लाए थे और उसे लोहे के रूप में बेच दिया था। नईम कुरैशी का कहना है कि ये दोनों पहले भी कबाड़ बेच चुके हैं, इसलिए उन्होंने इसे लोहे का सामान समझकर ही खरीदा था। उसे नहीं पता था कि ये बम के खोल हैं।