मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में एक ऑटो खाई में गिरकर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई तो चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा अनूपपुर जिले के राजेंद्र ग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम नोनघटी से खाटी बिलासपुर मार्ग पर हुआ है। ऑटो के खाई में गिरने की वजह से जीवन विश्वकर्मा पिता दशरथ विश्वकर्मा (35) ग्राम बिलासपुर की मौके पर मौत हो गई। पतिराम पिता बुधराम (50) ग्राम दूआरी की हालत नाजुक बताई जा रही है। इन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। साथ ही तीन अन्य घायल दशरथ पिता गोधू (35) ग्राम बिलासपुर, राजकुमार पिता कला नायक (30) ग्राम दूआरी, रामदीन पिता इतवारी (60) ग्राम खेतगांव इन सभी का स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ में इलाज चल रहा है।
ऑटो चालक मौके से हुआ फरार
ये सभी व्यक्ति राजेन्द्र ग्राम के समीप ग्राम बघररा में रामनाम का पाठ करने आए थे। गुरुवार को अपने घर खाटी बिलासपुर मार्ग में जा रहे थे, तभी अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। घटना के बाद ड्राइवर ऑटो छोड़कर भाग गया।