रतलाम जिले के समीप गोठड़ा गांव में आज मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर पर वार्षिक भविष्यवाणी हुई
- फोटो : सोशल मीडिया
रतलाम जिले के समीप गोठड़ा गांव में आज मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर पर वार्षिक भविष्यवाणी हुई, जिसे सुनने के लिए तपती धूप में मलेनी नदी किनारे सैकड़ों गांवों के हजारों ग्रामीण मौजूद थे। राजनीति से जुड़ी जानकारी के लिए खाचरोद विधानसभा के भाजपा से पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत और कांग्रेस के वर्तमान विधायक दिलीप गुर्जर और उनके समर्थक भी यहां पहुंचे थे। दोनों राजनेताओं ने राजनीतिक भविष्यवाणी के ऊपर अपने अपने अर्थ निकाले हैं।
यहां पंडा जी के मुख से मां महिषासुर मर्दिनी की भविष्यवाणी की घोषणा की गई। भविष्यवाणी में कृषि और मौसम संबंधित भविष्यवाणी के साथ राजनीतिक उठापटक की भविष्यवाणी भी की गई है। माता की भविष्यवाणी में बताया गया कि इस वर्ष खंडित वर्षा होगी, जिसकी वजह से किसानों को बोनी में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं वर्षा काल के आखिरी दौर में खूब बारिश है। इस वर्ष चुनावी साल होने की वजह से कई लोगों के मन में राजनीतिक प्रश्न भी थे, जिस पर गोठड़ा माताजी की भविष्यवाणी में राजनीतिक उठापटक और हेर फेर होने की बात कही गई है, लेकिन राजा नहीं बदलने की बात भी भविष्यवाणी में कही गई है।