घर के गार्डन में निकला 13 फीट लंबा अजगर
- फोटो : अमर उजाला
जिले की जोबट तहसील के वार्ड क्रमांक 8 में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गायत्री शक्तिपीठ स्कूल के पास रहने वाले दीपक वर्मा के घर के बाहर गार्डन में करीब 13 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। करीब 25 किलो वजनी अजगर को देखकर आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। रहवासियों के मुताबिक अजगर अचानक घर के बाहर रेंगता हुआ दिखाई दिया। उसकी लंबाई और आकार देखकर लोग हैरान रह गए। लोगों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मी धर्मेंद्र चौहान ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। इस दौरान अजगर को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में लेने के बाद उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: 92 दिन बाद खुले एमपी के जंगल, बाघों के दीदार को उमड़े पर्यटक; पहले ही हफ्ते फुल बुकिंग
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि आबादी वाले क्षेत्र में अजगर, जहरीला सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि लोगों के साथ-साथ वन्यजीव की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।