इंदौर में कमिश्नर डॉ. शर्मा ने अस्पतालों की फायर सेफ्टी को लेकर मीटिंग की।
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में हुए अग्निकांड के बाद अब इंदौर में भी प्रशासन हरकत में आया है। अब इंदौर में फायर सेफ्टी के इंतजाम किए जा रहे हैं। एमवाय सहित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय, एमआरटीबी, एमटीएच, कैंसर अस्पताल, मानसिक चिकित्सालय आदि में सुरक्षा के इंतजाम दुरूस्त करने की बात कही जा रही है। इन अस्पतालों में फायर सेफ्टी मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के लिए फायर सेफ्टी प्लान बनाया जा रहा है। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने उक्त अस्पतालों में अतिशीघ्र फायर सेफ्टी और संसाधनों को स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कमिश्नर कार्यालय में संबंधित अस्पतालों के अधीक्षकों, संबंधित अधिकारियों आदि की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। बैठक में संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने अस्पतालवार फायर सेफ्टी मैनेजमेंट की जानकारी ली। निर्देश दिए कि अस्पतालवार अग्नि सुरक्षा प्लान बनाया जाए। जिन अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा में कमियां हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाए। आवश्यक अग्नि सुरक्षा यंत्रों और संसाधनों की व्यवस्था की जाए। उपकरण और यंत्र स्थापित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाए। यह कार्य अतिशीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा के मापदण्डों का पूरा पालन किया जाए।
कार्यपालन यंत्री और एसडीओ पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने उपरोक्त अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना की जानकारी प्राप्त की। निर्देश दिए कि जिन अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण चल रहा है उसे शीघ्र पूरा किया जाये। कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं हो। ऑक्सीजन प्लांट स्थापना के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग ईएंडएनएम के कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र सिंह चौहान और एसडीओ डीके जैन के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉ शर्मा ने कहा कि अब हर सप्ताह प्रगति की समीक्षा की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई होगी।