शादी के जोड़े में सुशीला यादव और रणवीर यादव
- फोटो : सोशल मीडिया
कहते हैं इश्क जब परवान चढ़ जाता है तब इंसान सही और गलत सब भूल जाता है। ऐसा ही कुछ इंदौर के बाणगंगा इलाके में भी हुआ। यहां एक पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसका पति सही-गलत की सारी परिभाषाएं व शादी में खाई सभी कसमों को भूलकर प्रेमिका संग फरार हो गया है।
मामा ने कराई थी शादी
पुलिस को भगीरथपुरा के रहने वाले सुरेश यादव ने बताया पिछले महीने एक दिसंबर को उन्होंने अपनी भांजी चेतना उर्फ सुशीला यादव की शादी करवाई थी। उन्होंने बताया जब वो छोटी थी, उसके पिता गुजर गए थे। ऐसे में वे उसे अपने घर ले आए और यहीं से उसकी शादी खारचा के रहने वाले मोहित उर्फ रणवीर यादव से कराई। सुरेश ने पुलिस से कहा, “मैंने शादी में उसे गृहस्थी का सारा सामान दिया था। उसे सोने-चांदी के जेवर के साथ एक बलेनो कार भी दी, लेकिन शादी के अगले ही दिन भांजी के ससुराल वाले 50 लाख रुपये की मांग करने लगे।"
गर्लफ्रेंड संग भागा भांजी का पति
उसके पति मोहित ने कहा कि वो मोबाइल का शोरूम खोलना चाहता है इसलिए उसे इतने रुपये चाहिए। सुरेश यादव ने बताया कि उनके पास इतने पैसे नहीं थे। ऐसे में भांजी के ससुराल वाले उसे डराने-धमकाने लगे। इस बीच जब वे सुशीला की विदाई कराकर लाए तो 12 दिसंबर को
खबर आई कि उसका पति अपनी गर्लफ्रेंड के साथ भाग गया है।
धोखे का नहीं, गुमशुदगी का केस दर्ज
बता दें, इस मामले में सुशीला ने आईजी और बाणगंगा टीआई से शिकायत की, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। सुशीला ने कहा कि मोहित के घर वालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी है। साथ ही उसकी गर्लफ्रेंड के माता-पिता ने भी राजेंद्र नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा रखी है। ऐसे में पुलिस का कहना है कि जब तक गुमशुदगी का केस दर्ज है, तब तक कोई दूसरा केस दर्ज नहीं होगा। जब वह मिल जाएगा तब केस दर्ज होगा।