इंदौर में टीकाकरण की प्रक्रिया की गई शुरू
- फोटो : सोशल मीडिया
देशभर में कोरोना वैक्सीन लगाने काम शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में इंदौर में भी शनिवार सुबह यानी आज नौ बजे से पांच केंद्रों पर 500 स्वास्थ्य कर्मियों व अन्य हितग्राहियों को टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए शहर में पांच वैक्सीनेशन सेंटर भी बनाए गए हैं। हर एक सेंटर पर 100 हितग्राहियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवायएच) के ऑडिटोरियम में बने वैक्सीनेशन सेंटर्स को खूबसूरती से सजाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के कोविड नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार ने बताया कि सुबह 10.30 बजे शहर के सभी पांचों केंद्रों पर वैक्सीनेशन कार्य शुरू हो गया। हालांकि, आगामी दिनों में टीकाकरण सुबह नौ से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के मन का डर दूर करने के लिए एमवायएच के 100 डॉक्टर्स पहले ही दिन टीका लगवाने सामने आए।
सुबह एमवायएच में टोकन लेने के लिए बड़ी संख्या में डॉक्टर पहुंचे। इस दौरान एमवाय अस्पताल की करुणा ठाकुर ने पहला टोकन लिया। वहीं, अरबिंदाें में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीमा डागर वैक्सीनेशन के लिए पहली टोकनधारी बनीं। जिन कर्मचारियों को टीका लगना था, उन्हें एसएमएस पर जानकारी दी जाना थी। हालांकि, जब उन्हें मैसेज जा नहीं सके तो सभी को फोन कर केंद्र का नाम और समय की जानकारी दी गई। सभी को फोटो आईडी लेकर पहुंचने के लिए कहा गया था। टीकाकरण के पहले सहमति पत्र भी भराए गए।
आज वैक्सीनेशन सेंटर्स पर सुबह नौ से साढ़े नौ के बीच वेब कास्टिंग की मदद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुनाया गया। इसके अलावा टीकाकरण कार्य का लाइव फीड पीएमओ को भेजा गया। कार्यक्रम में मंत्री तुलसी सिलावट व सांसद शंकर लालवानी भी मौजूद रहे।