कैफे में मारपीट के बाद पीड़ित के पिता ने दर्ज कराया मुकदमा। (तस्वीर प्रतीकात्मक)
- फोटो : ??? ?????
विभूतिखंड इलाके के समिट बिल्डिंग स्थित बूम बॉक्स कैफे में बृहस्पतिवार देर रात युवक को बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद असलहे के दम पर उसे अगवा करने की कोशिश की गई।
किसी तरह जान बचाकर भागे युवक ने अपने पिता को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद आधी रात के बाद थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, चिनहट के चक मल्हौरी निवासी शिवनारायण सिंह ने बताया कि बेटा हेमंत अपने दोस्त अमन सिंह के साथ समिट बिल्डिंग स्थित बूम बॉक्स कैफे में बृहस्पतिवार रात खाने-पीने गया था।
जहां अकबरपुर निवासी हरिओम सिंह और रिषभ सिंह ने 10-12 साथियों के साथ मिलकर हेमंत व अमन को पीट दिया। मारने की नीयत से असलहा निकाला।
सुरक्षाकर्मियों ने बीच बचाव किया, लेकिन वे दबंगई दिखाते रहे। हेमंत और अमन के गेट के बाहर निकलने पर दोनों को अगवा करने की कोशिश की। किसी तरह दोनों ने भागकर जान बचाई और सूचना दी।
शिवनारायण के मुताबिक, समिट बिल्डिंग के बाहर दोनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गए, जहां इलाज कराया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक टीम के साथ पहुंचे, जहां बूम बॉक्स कैफे से सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
वहीं, आधी रात के बाद पिता शिवनारायण सिंह की तहरीर पर रिषभ और हरिओम सहित 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया।