लखनऊ। कृष्णानगर में बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज किया है। गोपालपुरी निवासी साधना मिश्रा बुधवार रात साढ़े आठ बजे पैदल घर जा रही थीं। तभी गोपालपुरी ढाल के पास कार ने टक्कर मार दी। साधना को लोगों ने लोकबंधु पहुंचाया। उनकी कलाई व दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया।
लेनदेन के विवाद में निजी कंपनी के कर्मी को पीटा
सरोजनीनगर। निजी कंपनी के मालिक ने लेनदेन के विवाद में कर्मचारी को पीटने की रिपोर्ट सरोजनीनगर थाने में दर्ज कराई है। महानगर के राजा यादव के मुताबिक बुधवार शाम वह ट्रांसपोर्टनगर स्थित अपने कार्यालय में बैठे थे। तभी शाम सात बजे कर्मचारी वैभव का मुंशी विकास से लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। वैभव ने विकास को पीट दिया।
पैसे मांगने पर दुकानदार पर चाकू से हमला
लखनऊ। कृष्णा नगर निवासी अंडा दुकानदार सर्वेश पाल ने युवक सौरभ यादव पर चाकू से हमला करने की एफआईआर आलमबाग थाने में दर्ज कराई है। सर्वेश ईको गार्डन पर ठेला लगाते हैं। उनके मुताबिक 27 सितंबर रात सौरभ साथी नितिन के साथ आया था। आरोप है कि सौरभ ने अंडा रोल खाया और बिना रुपये दिए जाने लगा। विरोध पर चाकू से हमला कर दिया।