लखनऊ। नाका के नेहरू नगर में किराये के मकान में रहने वाली रीता (27) का शव रविवार सुबह उनके कमरे में पड़ा मिला। पति सोनू का कहना है कि रात में पत्नी ने कोई दवा खा ली थी। वह जब सुबह सोकर उठे तो पत्नी की मौत हो चुकी थी। वहीं, पुलिस का दावा है कि दंपती शराब पीने के आदी थे। आशंका है कि अधिक शराब व नशे की गोली के सेवन से महिला की मौत हुई है।
इंस्पेक्टर नाका श्रीकांत राय ने बताया कि गोंडा निवासी सोनू मजदूरी करते हैं। आठ साल पहले उन्होंने रीता से शादी की थी। दोनों पति-पत्नी शराब पीने के आदी हैं। शनिवार सुबह दोनों सब्जी लेने बाजार गए। वहां दोनों ने शराब पी और घर आ गए। खाना खाने के बाद दोनों सो गए। रविवार सुबह सोनू सोकर उठा तो देखा कि पत्नी की मौत हो चुकी है। मोहल्ले वालों ने सूचना पुलिस को दी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सोमवार को रीता के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि रीता ने सोनू से पहले बाराबंकी निवासी दो युवकों से शादी की थी। कुछ समय बाद दोनों से अलगाव हो गया था।