लखनऊ। गुडंबा में माइक्रोवेव बदलवाने के दौरान शुक्रवार को दुकानदार और ग्राहक के बीच विवाद हो गया। दुकानदार ने साथियों के साथ मिलकर ग्राहक व उसके भाई-भतीजे को लाठी-डंडों से पीट दिया। पीड़ितों ने दो राउंड हवाई फायरिंग का आरोप लगाया है। वहीं दुकानदार ने ग्राहक के 15 साथियों पर गाली-गलौज व मारपीट का आरोप लगाया है। गुडंबा पुलिस ने शनिवार को दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
भाखामऊ निवासी गुड़िया ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने नौ हजार रुपये का माइक्रोवेव कुर्सी रोड स्थित इंटीग्रल विवि के पास साहब इलेक्ट्रॉनिक नामक दुकान से खरीदा था। शुक्रवार को माइक्रोवेव को बदलवाने के लिए बेटे समीर के साथ वह दुकान गईं। उन्हें सात हजार रुपये का माइक्रोवेव पसंद आया, लेकिन दुकानदार ने शेष रुपये लौटने से मना कर दिया। इसी पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने समीर को बुरी तरह पीट दिया। गुड़िया की सूचना पर उनके भाई हसन वारिस अपने बेटे अरशद के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दुकानदार ने साथियों के साथ मिलकर दोनों को लाठी-डंडों से पीटा। दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। पिटाई से हसन, समीर व अरशद चोटिल हो गए। वहीं बाबा जी की कुटी दसौली निवासी दुकानदार मुकेश त्रिवेदी के मुताबिक हसन 10-15 लोगों के साथ दुकान पहुंचे और जबरन माइक्रोवेव बदलवाने का दबाव बनाया। इसके लिए तैयार होने के बावजूद हसन ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फायरिंग का आरोप गलत है।