सरोजनीनगर। बदाली खेड़ा निवासी पूनम पाल ने आशियाना सेक्टर-एम निवासी इंद्रजीत पर दो प्लॉट के नाम पर उनसे 49.50 लाख रुपये ऐंठे का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर सरोजनीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पूनम ने बताया कि कुछ समय पहले उनकी मुलाकात इंद्रजीत से हुई थी। उसने उन्हें अपने दो प्लॉट बेचने की बात कही थी। दोनों प्लॉटों का सौदा 49.50 लाख में तय हुआ था। आरोपी ने 15 दिसंबर 2025 को पूरी रकम लेकर उनके नाम पर दोनों का बैनामा कर दिया था। पीड़िता ने बताया कि प्लॉटों के निर्माण के दौरान आनंद कुमार गौतम ने दोनों प्लॉट उसके होने की जानकारी दी। पूनम ने जब रजिस्ट्री कार्यालय से दस्तावेज निकलवाए तो पता चला कि इंद्रजीत वर्ष 2013 में ही दोनों प्लॉट आनंद को बेच चुका था। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इंद्रजीत से रकम लौटाने को कहा तो वह पहले टालमटोल करने लगा, फिर धमकाना शुरू कर दिया। परेशान होकर उन्होंने 19 मई को पुलिस आयुक्त से शिकायत की। थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विवेचना शुरू कर दी गई है, जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।