लखनऊ। इंदिरानगर सेक्टर-ए निवासी हिंद चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. अमोद कुमार सचान ने अस्पताल नवीनीकरण के नाम दंपति पर 9.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर गाजीपुर पुलिस ने बुधवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
डॉ. अमोद ने बताया कि अयोध्या के सिविल लाइंस निवासी वरुण श्रीवास्तव श्रीकंठा इंफ्रा प्रमोटर्स फर्म का सीईओ है जबकि उसकी पत्नी सुगंधा फर्म की मालकिन है। ट्रस्ट की देखरेख में चल रहे एक अस्पताल के नवीनीकरण का काम अप्रैल 2025 को वरुण की फर्म को दिया गया था। काम 10.12 करोड़ में होना था, 9.75 करोड़ रुपये एडवांस में दिए गए थे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पति-पत्नी ने संतोषजनक काम नहीं किया। उन्होंने ट्रस्ट को फर्जी प्रगति रिपोर्ट और निर्माण संबंधी दस्तावेज दिए और काम छोड़कर भाग निकले। आरोप है कि वरुण के पास दो पैन कार्ड हैं और पहले से भी ठगी के कई मामले दर्ज हैं। पीड़ित ने बताया कि इस मामले में 26 मार्च और 11 अप्रैल को गाजीपुर थाने में तहरीर दी थी। कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर राजेश मौर्या ने बताया कि डॉ. आमोद से जानकारी लेकर विवेचना की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।