लखनऊ। महिला का अश्लील वीडियो बनाने और पांच लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर जानकीपुरम पुलिस ने दक्षित डॉल्फिन डिजाइनर्स प्रा.लि कंपनी के मालिक हमीरपुर के सुमेरपुर निवासी नीतीश शिवहरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता कंपनी में को-फाउंडर के पद पर थीं।
जानकीपुरम निवासी महिला के मुताबिक, सालभर पहले उनकी मुलाकात नीतीश से हुई थी। एक मार्च 2024 को नीतीश ने उनसे गोवा में जमीन देखने और महाराष्ट्र में मीटिंग में चलने की बात कही थी। आरोप है कि महाराष्ट्र में पांच मार्च को आरोपी ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। दुष्कर्म की कोशिश की और वीडियो बना लिया। अगले दिन उन्हें गोवा ले गया, वहां एक रिसॉर्ट में आठ दिन बंधक बनाए रखा।
इसके बाद पीड़िता घर लौट आईं और नौकरी छोड़ दी। इससे चिढ़कर नीतीश ने कॉल कर पांच लाख की रंगदारी मांगी। विरोध पर बच्चों के अपहरण की धमकी दी। इस बीच उनको पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एक कर्मी ने दुष्कर्म व ठगी का केस दर्ज कराया था। वह कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। आरोप है कि जानकीपुरम थाने में सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने कोर्ट की शरण ली।