prayagraj news : सिद्धार्थनाथ सिंह।
- फोटो : prayagraj
राज्य सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना है कि महंर्गाई पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के आंसू घड़ियाली हैं। अगर इनको महंगाई की इतनी ही फिक्र होती तो आप दिल्ली में और कांग्रेस अपने शासन वाले राज्यों में पेट्रोलियम पदार्थों को सस्ता कर लाभ देती।
सिद्धार्थ नाथ ने शनिवार को एक बयान में कहा कि मुंह में सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले कांग्रेस के राजकुमार का भला महंगाई एवं जनता के दुख-दर्द से क्या लेना-देना। इनके लिए महंगाई एक शब्द है। रही बात आप की तो इसके नेता अरविंद केजरीवाल के मुंह में खुजली है इसलिए कुछ भी बोल देते हैं। इनके लिए आम आदमी और महंगाई नहीं चुनाव महत्वपूर्ण है। ये सारे बयान चुनावी नफे-नुकसान के हिसाब से देते हैं।
कौरव सेना तैयार कर रहे हैं अखिलेश
वहीं सपा पर निशाना साधते हुए सिद्धार्थनाथ ने कहा कि चुनावी महाभारत के लिए अखिलेश कौरव सेना तैयार करने में जुटे हैं। जेल में दूत भेज कर माफिया मुख्तार अंसारी से मिन्नत करने के बाद अब अखिलेश अतीक अहमद से हाथ मिलाने की तैयारी में जुटे हैं। सपा के नेता लिस्ट लेकर अपराधियों और गुंडों की जेलों में तलाश कर रहे हैं। चुनाव लड़ने के लिए अखिलेश मुख्तार और अतीक जैसे अपराधियों की शरण में हैं। यह तुष्टीकरण की उसी राष्ट्रघाती राजनीति का सबूत है जिसकी चर्चा अक्सर भाजपा करती है।
खुद को रणछोड़दास साबित कर चुके हैं सपा अध्यक्ष
सिद्धार्थनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव लड़ने के बाबत स्पष्ट घोषणा कर चुके हैं। अखिलेश अपनी चिंता करें तो बेहतर है। वैसे वह पहले ही विधानसभा चुनाव न लड़ने की घोषणा कर मैदान छोड़ कर खुद को रणछोड़दास साबित कर चुके हैं। सपा और भाजपा में जमीन-आसमान का फर्क है। दरअसल वह कहीं से चुनाव लड़ें, उनका हारना तय है। लिहाजा रणछोड़दास की तरह उन्होंने पहले ही पीठ दिखा दिया। चुनाव में सपा का वही हाल होना है जो बिना कमांडर के फौज का होता है।