आप के प्रदेश प्रभारी और सांसद संजय सिंह ने सरकार से पूछा है कि मात्र 1100 रुपये में जूता, मोजा, बस्ता, स्वेटर और दो यूनिर्फाम कैसे खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि इतनी धनराशि में ये सारे सामान नहीं खरीदे जा सकते हैं।
स्कूली बच्चों को जूता-मोजा, बस्ता व दो यूनिफार्म खरीदने के लिए अभिभावकों के खाते में 1100 रुपये भेजने की सरकार घोषणा पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी और सांसद संजय सिंह ने सवाल उठाया है। उन्होंने सरकार से पूछा है कि मात्र 1100 रुपये में जूता, मोजा, बस्ता, स्वेटर और दो यूनिर्फाम कैसे खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि इतनी धनराशि में ये सारे सामान नहीं खरीदे जा सकते हैं। सरकार ठंड में ठिठुर रहे छात्रों के नाम पर ड्रामा कर रही है। सरकार 1 से 8 कक्षा तक के बच्चों को ठंड में ठिठुरने के लिए छोड़ दिया है।
विज्ञापन
आप सांसद मंगलवार को यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों को जूता, मोजा आदि देने का दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि बाजार में यदि सबसे न्यूनमत मूल्य पर भी जूता, मोजा, बस्ता, स्वेटर और दो यूनिफार्म खरीदे जाएंगे तो कम से कम 2600 रुपये खर्च होंगे। ऐसे में सरकार ये सभी सामान सिर्फ 1100 रुपये में खरीदने को कह रही है, जो संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से सभी अभिभावकों के खाते में कम से कम 2600 रुपये भेजने की भी मांग की है।
आप सांसद ने बताया कि आम आदमी पार्टी की ओर से बेसिक शिक्षा मंत्री को 1100 रुपये का चेक भेजा जा रहा है और उनसे इतनी धनराशि में जूता, मोजा, स्वेटर, बस्ता और दो यूनिफार्म खरीदने कर दिखाने का भी अनुरोध किया गया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से उन दुकानों का नाम भी सार्वजनिक करने की मांग की है, जिस दुकान से सरकार 1100 रुपये में ये सभी सामान खरीद रही है।