बिहार में एनडीए के घटक दल के रूप में सरकार में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) यूपी में फिलहाल अकेले दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है। पार्टी ने तय किया है कि यदि किसी से गठबंधन नहीं होता है तो वह पूर्वांचल में निषाद बहुल करीब 165 सीटों पर अपना प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी। पार्टी ने इसके लिए अपने स्तर पर तैयारी भी शुरू कर दिया है। इसके तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पशुपालन एवं मत्स्य विकास मंत्री मुकेश सहनी केचुनावी सभाओं का कार्यक्रम घोषित किया गया है।
यह जानकारी देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनावी सभाओं के पहले चरण के अभियान की शुरूआत 17 अक्तूबर से होगी, जो 31 अक्तूबर तक चलेगा। इसके बाद दूसरे चरण के अभियान की घोषणा की जाएगी। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य नेताओं द्वारा पहले चरण के चुनावी सभाओं में निषाद समाज को आरक्षण दिलाने समेत अन्य मुद्दों के बारे में चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने यह भी तय किया है कि यूपी के चुनाव में जो दल निषादों को आरक्षण देने के मुद्दे पर वीआईपी की शर्त पर सहमत होगा, गठबंधन भी उसी के साथ होगा।
देव ज्योति ने बताया कि अक्तूबर में होने वाले सभी चुनावी सभाओं में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि पहली चुनावी सभा का आगाज 17 अक्तूबर को आजमगढ़ से किया जाएगा। इसी कड़ी में 18 को प्रयागराज, 19 को गाजीपुर, 20 को जौनपुर, 23 को मिर्जापुर, 24 को अयोध्या, 25 को बलिया, 28 को वाराणसी, 30 को मुजफ्फरनगर और 31 अक्तूबर को गोरखपुर में चुनावी सभा का आयोजन किया गया है।