फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Assembly Election 2022: पीएम मोदी की अध्यक्षता में भाजपा चुनाव समिति की बैठक, उम्मीदवारों के नाम पर लगेगी आखिरी मुहर

Thu, 13 Jan 2022 09:09 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

नई दिल्ली में बुधवार को गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में आयोजित बैठक में पश्चिमी यूपी की 71 और ब्रज की 65 सीटों पर प्रत्याशी चयन पर मंथन किया गया।
विज्ञापन
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। पहले और दूसरे चरण के प्रत्याशियों के नामों का पैनल आज होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष रखा जाएगा। इस बैठक के बाद सीट बंटवारे से जुड़ी घोषणा की जाएगी। बताया जा रहा है कि भाजपा की कोर कमेटी ने विधानसभा चुनाव में पहले और दूसरे चरण की 113 सीटों सहित करीब 150 से अधिक प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए है। 

विज्ञापन


नई दिल्ली में बुधवार को गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में आयोजित बैठक में पश्चिमी यूपी की 71 और ब्रज की 65 सीटों पर प्रत्याशी चयन पर मंथन किया गया। यह बैठक करीब 14 घंटे तक चलने के बाद देर रात करीब 1.45 बजे खत्म हुई। सूत्रों के मुताबिक पहले चरण की 58 और दूसरे चरण की 55 सीटों में से अधिकांश पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। कुछ सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा सपा और रालोद के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद किया जाएगा।

इनके अतिरिक्त कुछ ऐसे नामों पर भी मुहर लगाई गई है, जिन्हें उनकी मौजूदा सीट से चुनाव लड़ाया ही जाना है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा विधायकों के सपा में जाने के बाद पार्टी के शीर्ष नेता अब मौजूदा विधायकों के ज्यादा टिकट काटने के पक्ष में नहीं है। उनका मानना है कि जिन सीटों पर मौजूदा विधायक को टिकट देने पर हार निश्चित है उन्हीं का टिकट काटा जाएगा।
विज्ञापन


समिति में नामों पर चर्चा के बाद 14 या 15 जनवरी को होने वाली भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाकर प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, महामंत्री संगठन सुनील बंसल शामिल हुए। जबकि भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह वर्चुअली शामिल हुए। 

अमित शाह से मिलीं अनुप्रिया पटेल व संजय निषाद
ताजा जानकारी के मुताबिक, अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल व निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद तथा उनके पुत्र प्रवीण निषाद ने बुधवार रात दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर सीटों के बंटवारे पर बातचीत की। हालांकि दोनों दलों के नेता सीटों के बारे में अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।

भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि अनुप्रिया ने अवध व बुंदेलखंड की आधा दर्जन सीटों समेत दो दर्जन सीटों पर दावा किया है जबकि संजय निषाद ने भी दस से ज्यादा सीटों की मांग रखी है। दोनों दलों के नेताओं का कहना है कि उन्होंने अमित शाह के सामने अपनी बात रख दी है। एक दो दिन में सीटों पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

जाटों को पहले से ज्यादा मिल सकते हैं टिकट
विधानसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी में सपा और रालोद के गठबंधन की धार कुंद करने के लिए भाजपा जाट समाज के नेताओं को 2017 की तुलना में ज्यादा टिकट देगी। 2017 में पार्टी ने सरदार बलदेव सिंह औलख सहित 16 जाट उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से बागपत की छपरौली और संभल की असमौली सीट हारी थी। जबकि शेष 14 सीटों पर भाजपा जीती थी। 2018 में छपरौली से रालोद के एक मात्र विधायक सहेंद्र सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने पिछली बार गुर्जर समाज को चार टिकट दिए थे। इस बार गुर्जर समाज को भी एक दो सीट ज्यादा मिल सकती है।

जाटव समाज को भी होगा लाभ
बसपा के जाटव वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए भाजपा जाटव समाज को पहले से अधिक सीटें दे सकती है। 2017 में भाजपा ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 85 सीटों में से 20 सीटों पर जाटव समाज के लोगों को टिकट दिया था। यहां बता दें कि जाटव वोट बैंक को साधने के लिए भाजपा ने उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य को इस्तीफा दिलाकर उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा ने अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में बेबीरानी की करीब 90 सभाएं और बैठकें भी कराई गई हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें