समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ महंगाई की मार तो दूसरी ओर नुकसान का मुआवजा न मिलने से किसान बेहद परेशान हैं। ललितपुर में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने पर किसान की आत्महत्या विचलित करने वाली घटना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में किसान की आय दुगनी करने का वादा था। लेकिन किसानों को उनकी हालत में छोड़ दिया गया। डबल इंजन सरकार के बावजूद किसान के फसल की एमएसपी दरों पर बिक्री नहीं हुई। किसान को खाद भी नहीं मिल रही है। भाजपा राज में किसानों की मदद की जगह हर तरह से उन्हें अपमानित एवं प्रताड़ित किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के हर संघर्ष में साथ रही है। समाजवादी सरकार में मंडिया बन रही थी ताकि किसान अपनी फसल के लाभप्रद मूल्य पा सके।
अटेवा के प्रतिनिधि मंडल ने की मुलाकात
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रतिनिधिमंडल ने भेंटकर उन्हें पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा के लिए आभार जताया। अटेवा प्रतिनिधियों ने कहा उत्तर प्रदेश सरकार की नौकरियों में एक अप्रैल 2005 से शिक्षकों व कर्मचारियों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर बाजार आधारित नई पेंशन व्यवस्था लागू कर दी गई, जो किसी के हित में नहीं है। प्रतिनिधि मंडल में अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु, नीरजपति त्रिपाठी, भारत सिंह यादव, अशोक कुमार, डॉ0 राजेश कुमार, रामेंद्र श्रीवास्तव आदि शामिल थे।
सपा की सदस्यता ली
अमरोहा के नौगवां साताद निवासी पूर्व विधायक अशफाक अली खां ने शुक्रवार को राष्ट्रीय लोकदल छोड़कर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें सदस्यता दिलाई।