फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 : अखिलेश ने कहा- बाबा का नया नाम होगा बुलडोजर बाबा, वह गर्मी निकालेंगे, हम भर्ती निकाल देंगे रोजगार

Sun, 20 Feb 2022 08:42 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव संवाद न्यूज़ एजेंसी, अयोध्या/बाराबंकी

सार

अखिलेश यादव ने कहा कि फैजाबाद से समाजवादियों का बहुत पुराना रिश्ता रहा है, यहां पर न केवल आपस में मिल जुलकर बल्कि समय-समय पर एक दूसरे का सम्मान करने की परंपरा रही है।
विज्ञापन
रविवार को बाराबंकी में जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि वह गर्मी निकालने की बात कह रहे हैं परंतु सपा की सरकार बनते ही हम भर्ती निकाल प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। भाजपा नेता सिर्फ झूठ बोल रहे हैं, जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठ जबकि सबसे बड़े नेता सफेद झूठ बोल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि काका (काले कानून) तो चले गए अब बाबा का नंबर है और बुलडोजर खराब हो गया है। बाबा प्रदेश में विकास के नाम पर नाम बदलने का काम करते थे लेकिन अब उनका ही एक नया नाम सामने आया है बुलडोजर बाबा। उन्होंने कहा कि बुलडोजर बाबा ने अपने बुलडोजर को मरम्मत के लिए भेजा है क्योंकि उनको पता चल गया है कि उनकी सरकार जा रही है। सपा मुखिया ने ये बातें रविवार को शहर में हैदरगढ़ मार्ग स्थित मौरंग मंडी मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।

विज्ञापन


सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस बार वह नहीं बल्कि जनता खुद उनका चुनाव लड़ रही है। यदि सपा की सरकार बनी तो तीन सौ यूनिट बिजली व किसानों की सिंचाई का बिल फ्री किया जाएगा। जबसे सपा ने यह बात कही है तब से बीजेपी कार्यकर्ताओं की बिजली गुल हो गई है और बड़े नेताओं के ट्रांसफार्मर फुंक गए हैं।

अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने किसानों की आय दोगुनी होने की बात कही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसानों को धान बेचने के लिए ही भटकना पड़ा है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है, यूरिया मिलती है तो उसकी बोरी में भी पांच किलो कम खाद निकलती है। कहा कि बीजेपी नेता पहले चरण के चुनाव में ठंडे पड़ गए थे, दूसरे में ढीले हुए जबकि तीसरे व चौथे चरण में शून्य हो जाएंगे।
विज्ञापन


अखिलेश ने कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो आने वाले समय में पेट्रोल दो सौ रुपये लीटर बिकेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश का एक उद्योगपति बैंकों का 23 हजार करोड़ रुपये लेकर भाग जाता है, वह कहां का है, यह सब जानते हैं। जबकि किसी किसान का यदि जरा सा भी कर्ज है तो उसे अपनी जमीन बेचनी पड़ती है और किसानों को बैंक से आसानी से कर्ज भी नहीं मिलता है। कहा कि जो मुख्यमंत्री लैपटॉप व स्मार्टफोन नहीं चला पाता है, वह युवाओं को सुविधाएं कैसे देगा। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील भी लोगों से की।

शिक्षामित्र व अनुदेशकों को दिया आश्वासन
सपा की जनसभा में शिक्षामित्र, अनुदेशक व ग्राम रोजगार सेवक बैनर लहरा रहे थे। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर सभी की समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा। कहा कि भाजपा सरकार में इन सभी पर लाठीचार्ज के साथ जमकर उत्पीड़न किया गया। सरकार बनने पर वह प्रदेश में खाली पड़े 11 लाख पदों पर युवाओं की भर्ती कर रोजगार देंगे जबकि निजी सेक्टर में 22 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस में भर्ती करेंगे जिसमें महिलाओं को 33 प्रतिशत की हिस्सेदारी दी जाएगी।

लखनऊ से बाराबंकी तक मेट्रो चलाने का दिखाया सपना
सपा मुखिया ने कहा कि लखनऊ में मेट्रो हमने चलवाई थी। लखनऊ व बाराबंकी के बीच दूरी कम है और यहां के तमाम लोग रोज लखनऊ आते-जाते हैं। ऐसे में इस समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार बनने पर मेट्रो को बाराबंकी तक लाया जाएगा।

उड़नखटोला देखने को जुटे लोग
जनसभा में हेलीकाप्टर से पहुंचे अखिलेश को सुनने के साथ ही उनका उड़नखटोला देखने के लिए लोग जुटे रहे। कार्यक्रम में कई तरह की अव्यवस्था भी सामने आई। सपा कार्यकर्ताओं ने ही धक्का-मुक्की कर बैरियर तोड़ दिए। इस पर सपा नेताओं को उन्हें समझाना पड़ा। वहीं कार्यक्रम के चलते हैदरगढ़ मार्ग पर लगे जाम में फंसकर भी लोग खासे परेशान रहे।

Trending Videos
विज्ञापन

तीसरे चरण के बाद शून्य हो जाएगी भाजपा : अखिलेश

तीसरे चरण के बाद भाजपा शून्य हो जाएगी। बाबा कहते हैं कि सरकार बनी तो गर्मी निकाल देंगे, जैसे ही पहले चरण का वोट पड़ा है भाजपा के नेता व कार्यकर्ता ठंडे पड़ गए। दूसरे चरण में वोट पड़ा तो सुन्न पड़ गए, अब तीसरे चरण के बाद शून्य होने जा रहा है। रुदौली की जमीन गंगा-जमुनी तहजीब की वह जगह है, जहां से भाईचारा का संदेश जाता है। फैजाबाद से समाजवादियों का बहुत पुराना रिश्ता रहा है, यहां पर न केवल आपस में मिल जुलकर बल्कि समय-समय पर एक दूसरे का सम्मान करने की परंपरा रही है। यह बातें रुदौली के सोफियाना इलाके में आयोजित जनसभा में रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहीं।

अखिलेश ने संबोधन की शुरूआत में भगवान श्रीराम को याद करते हुए कहा कि भगवान विष्णु के अवतार भगवान श्रीराम की धरती को प्रणाम करता हूं। इस दौरान मंच पर मौजूद आचार्यों ने शंखनाद कर उनका स्वागत किया। कहा कि कहा कि फैजाबाद, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर व बलिया के लोग वोट डालेंगे तो भाजपा के बूथों पर सन्नाटा रहेगा, क्योंकि जनता इनसे नाराज है।

कहा कि आज मुझे भी अपना वोट डालने का मौका मिला। मैं साइकिल का बटन दबाकर आ रहा हूं। फैजाबाद के लोगों यह चुनाव सरकार बनाने का है। उत्तर प्रदेश का चुनाव देश का लोकतंत्र व संविधान बचाने का काम करेगा। यह चुनाव उत्तर प्रदेश के भाग्य को बनाने का चुनाव है। सपा सरकार ने बहुत काम करके दिखाया है, हम लगातार काम करते रहेंगे जिससे जनता के पास सरकारी मदद पहुंच सके। कहा कि भाजपा के प्रत्याशी कान पकड़कर सौ बार भी उठक बैठक करे तो भी किसान माफ नहीं करेंगे।

अभी तक हम लोग बाबा को बाबा मुख्यमंत्री कहते थे। मुख्यमंत्री दूसरों व शहरों का नाम बदलते थे, रंग बदल कर अपना काम बनाते थे। अंग्रेजी के एक अखबार ने उनका नाम बदलकर बाबा बुलडोजर रखा है। ये नाम मैंने नहीं रखा अखबार ने रखा है। दूसरों के नाम बदलने वालों का नाम बदल गया अब यह बुलडोजर बाबा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह काका (कृषि काला कानून) गया है उसी तरह बाबा भी जाएंगे। कहा कि किसान भाइयों से भाजपा सरकार ने आय दोगुना होने का वादा किया था, जो पूरा नहीं हुआ। इन्होंने कहा था हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज में बैठेगा लेकिन पांच साल में डीजल-पेट्रोल इतना महंगा कर दिया कि युवा व किसानों की मुश्किलें बढ़ गई, अगर इनकी सरकार फिर आ गई तो पेट्रोल 200 में बिकेगा।

कहा कि भाजपा ने गरीबों की जेब से पैसा निकालकर अमीरों की तिजोरी भरने का काम किया है। अभी जल्द ही बैंकों का पैसा लेकर भागने वाले कहां के लोग हैं, यह सभी जानते है। बुलडोजर बाबा कहते हैं हम दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, बाबा जी कहां से देख लेते हैं। हम मान भी ले कि वह हमारे पड़ोसी है। अब मैं भी इनके यहां देखता हूं तो दिन और रात में धुआं उठता रहता है, हमारी और उनकी दीवार एक है।

कोई काम नहीं किया धुआं उड़ाते रहे, बहाल करेंगे पुरानी पेंशन
कहा कि शिक्षक भर्ती बंद पड़ी है जो लोग पढ़े लिखे हैं वह जानते हैं कि शिक्षा और अन्य विभाग में 11 लाख पद खाली पड़े है। हमारे मुख्यमंत्री बाबा 24 घंटे क्या काम करते रहे, जो 11 लाख पद अभी खाली हैं। इन्होंने कोई काम नहीं किया सिर्फ धुआं उड़ाते रहे। कहा कि शिक्षा मित्रों ने बीजेपी पर ज्यादा भरोसा कर लिया, इनको भी बीजेपी वालों ने धोखा दिया। इनकी मदद सपा ने की थी, आगे भी करेंगे। शिक्षकों की भर्ती करेंगे, समाजवादी सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। पूर्व सांसद मित्रसेन यादव को याद करते हुए कहा कि वह सांसद विधायक रहे, लगातार लड़ते रहे लेकिन पीछे नहीं हटे। अगर सरकार बनी तो उनके सम्मान में कोई बड़ा काम करेंगे। इस दौरान पूर्व विधायक व रुदौली विधानसभा से सपा प्रत्याशी आनंद सेन यादव, बीकापुर प्रत्याशी फिरोज खान गब्बर, विधान परिषद सदस्य हीरा लाल यादव, रुदौली नगर पालिका अध्यक्ष जब्बार अली, सपा जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव, पूर्व विधायक जय शंकर पांडेय समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें