उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड अंक सुधार परीक्षा 18 सितंबर से सभी जिला मुख्यालयों पर होगी। हाई स्कूल की परीक्षा 12 और इंटरमीडिएट की परीक्षा 15 कार्य दिवस में 6 अक्तूबर को संपन्न होगी। अंक सुधार परीक्षा के लिए 79,286 परीक्षार्थी पंजीकृत है। र्हाईस्कूल में 24,667 छात्रों एवं 13,264 छात्राओं सहित कुल कुल 37,931 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए है। इंटरमीडिएट में 27,949 छात्रों एवं 13,406 छात्राओं सहित कुल 41,355 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए है। प्रदेश सरकार ने परीक्षा के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने और परीक्षा को नकल विहीन कराने के पुख्ता इंतजाम किए है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा के लिए प्रदेश के कुल 590 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 213 राजकीय विद्यालयों, 373 सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं 04 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए करीब 8,302 सीसीटीवी एवं 4,151 वायस रिकार्डर का उपयोग किया जाएगा। परीक्षा में नकल रोकने के लिए अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर एसटीएफ तैनात की जाएगी। सभी जिलों में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की दूरी में धारा 144 लागू की गई है। उन्होंने बताया कि गोंडा में दो परीक्षा केंद्र संवेदनशील है। जौनपुर में सर्वाधिक 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। सीतापुर में सर्वाधिक 3,797 परीक्षार्थी और महोबा में सबसे कम 152 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए है।
परीक्षा में नकल रोकने के हर संभव इंतजाम किए जाएं : अवस्थी
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अंक सुधार परीक्षा में नकल रोकने के लिए हर संभव उपाय करने के निर्देश दिए है। अवस्थी ने शुक्रवार को योजना भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों और जिला विद्यालय निरीक्षकों से संवाद किया। उन्होंने कोविड प्रोटोकाल का हर हाल में पालन कराने के निर्देश दिए।