लखनऊ में काकोरी के दुबग्गा में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक ट्रक में फंसकर 50 मीटर तक घिसटती चली गई। बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथी ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। वहीं, हादसे में शामिल ट्रक व चालक की तलाश पुलिस कर रही है। प्रभारी निरीक्षक काकोरी ओमप्रकाश रजक के मुताबिक, दशहरी गांव निवासी विनोद (25) व शहाबुद्दीन (27) बाइक से चौक स्थित अग्रवाल धर्मशाला में एक शादी समारोह में गए थे।
मंगलवार देर रात करीब 11 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक विनोद चला रहा था और उसने हेलमेट भी पहना था। दुबग्गा चौराहे में मछली मंडी के पास हरदोई रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ग्राम प्रधान मनोज यादव के मुताबिक, विनोद जनरल स्टोर और शहाबुद्दीन मोबाइल की दुकान चलाता था। दोनों की शादी नहीं हुई थी।