मौरावां पुलिस शुक्रवार को दो शराबियों को हिरासत में लेकर जीप में ला रही थी। रास्ते में दोनों पुलिस की जीप से कूदकर भाग गए। पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों सई नदी में कूद गए। पुलिस नदी के किनारे खड़े तमाशा देखती रही और एक युवक की डूबकर मौत हो गई, जबकि दूसरा तैरकर नदी पार कर गया। शनिवार सुबह युवक का शव मिला।
मृतक रायबरेली जिले का रहने वाला था। परिवारीजनों ने पुलिस की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाया है। घटना में एसपी ने एक दरोगा और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। घटना की जानकारी होने पर एएसपी और हसनगंज सीओ मौके पर पहुंचकर जांच की।
रायबरेली जिले की सीमा से सटे मौरावां थानाक्षेत्र के गांवों में कच्ची शराब बनाने और बेचने का अवैध कारोबार होता है। शुक्रवार शाम को मौरावां थाना में तैनात दरोगा रविंदर सिंह, सिपाही केशवराम, प्रवीण कुमार और चंद्रशेखर शुक्ला केदारखेड़ा गांव में दबिश देने के लिए पहुंचे तो वहां पर भगदड़ मच गई।
पुलिस ने रायबरेली जिले के बछरावां थानाक्षेत्र के कुर्री सुदौली निवासी राजेंद्र (32) और सुरजीत नाम के युवक को हिरासत में लेकर जीप में डाल लिया। पुलिस दोनों को जीप से थाने लेकर आ रही थी तभी केदारखेड़ा गांव के बाहर निकलते ही दोनों पुलिस की जीप से कूदकर भाग निकले।