राजधानी लखनऊ के पीजीआई में अब कनिका कपूर को मिलाकर दो कोरोना पॉजिटिव मरीज हो गए हैं। दरअसल, कानपुर के कोरोना पॉजिटिव मरीज को भी अब लखनऊ पीजीआई लाया गया है। उसे मंगलवार सुबह ही कानपुर से लखनऊ लाया गया है। कानपुर के अस्पताल में उसे मच्छर काट रहे थे जिससे रात में दो बार उसका वार्ड बदला गया।
दो अन्य की रिपोर्ट मंगलवार शाम को आएगी। इसके अलावा लखनऊ के केजीएमयू में पहले से ही सात पॉजिटिव मरीजों का इलाज हो रहा है।
यूपी में कोरोना के अब तक 33 मरीज
प्रदेश में सोमवार को कोरोना संक्रमित चार नए मरीजों के साथ पॉजिटिव मरीजों की संख्या 33 हो गई है। जौनपुर, कानपुर, पीलीभीत और गाजियाबाद में एक-एक मरीज सामने आया है।
जौनपुर में संक्रमित मिला 35 वर्षीय युवक 15 मार्च को ही सऊदी अरब से लौटा है। अचानक सर्दी-खांसी के लक्षण मिलने पर उसने 21 मार्च को जिला अस्पताल में दिखाया। उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। वहीं, गाजियाबाद में एक डॉक्टर संक्रमित मिला है। वह भी हाल में फ्रांस से लौटा है। पीलीभीत में एक महिला और कानपुर में एक बुजुर्ग संक्रमित हैं। महिला सऊदी अरब से जबकि पुरुष अमेरिका से लौटे हैं।