लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पीजीआई थाने में दो लोगों के साथ ही एक महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीजीआई इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि कल्ली पश्चिम में रहने वाले एक युवक को वृंदावन कॉलोनी में रहने वाली महिला ने मकान दिखाने के बहाने घर बुलाया था। जब वह उसके घर पहुंचा तो महिला ब्लैकमेलिंग के इरादे से अपने कपड़े उतारने लगी। जबकि वहां छिपे उसके साथियों ने चुपके से इसका वीडियो बना लिया। युवक के विरोध पर तीनों ने उसे वीडियो वायरल करने व केस दर्ज कराने की धमकी देकर 20 हजार रुपये मांगे।
पीड़ित ने बदनामी के डर से 20 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद 80 हजार रुपये और वसूले। इसके बाद तीन लाख रुपये और मांगने लगे तो पीड़ित ने पीजीआई थाने में शिकायत की। मंगलवार को महिला के दोनों साथी रकम लेने कल्ली पश्चिम पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि मामले में दरोगा खेड़ा निवासी कौशल व सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है।